
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
सीतापुर। नैमिषारण्य थाना क्षेत्र के क्योताना गांव में शनिवार सुबह सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां प्रेमी-प्रेमिका के शव आम के पेड़ से एक ही दुपट्टे के सहारे लटके मिले। बताया जा रहा है कि दोनों करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध में थे। युवती की शादी परिजनों ने दूसरी जगह तय कर दी थी, जिससे दोनों परेशान थे जानकारी के अनुसार, शनिवार तड़के करीब 3 बजे युवक और युवती अपने-अपने घरों से निकल गए थे। सुबह करीब 5 बजे ग्रामीणों ने गांव के बाहर आम के पेड़ पर दोनों को फंदे से लटका देखा। सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी मृतक युवक की पहचान क्योताना गांव निवासी रामू अर्कवंशी के 19 वर्षीय पुत्र प्रियवेश के रूप में हुई है, जबकि युवती की उम्र करीब 16 वर्ष बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों के बीच पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले युवती के परिजनों को दोनों के रिश्ते की जानकारी हो गई थी। इसके बाद युवती की शादी दूसरी जगह तय कर दी गई। फरवरी में उसका तिलक भी हो चुका था और नवंबर में शादी होनी थी।
प्रियवेश के पिता ने बताया कि दो दिन पहले युवती पक्ष के लोगों ने उनके बेटे और युवती के संबंधों की शिकायत की थी। इसके बाद उन्होंने बेटे को डांट-फटकार लगाई थी। शनिवार तड़के युवती पक्ष के लोग उनके घर पहुंचे और प्रियवेश के बारे में पूछताछ की। परिवार ने छत पर जाकर देखा तो प्रियवेश घर पर नहीं था। उधर युवती भी अपने घर से गायब थी परिजन दोनों की तलाश कर ही रहे थे कि सुबह ग्रामीणों ने पेड़ से दो शव लटके होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर दोनों की पहचान प्रियवेश और युवती के रूप में हुई। पुलिस ने शवों को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से सिंदूर की एक पुड़िया मिली है और युवती की मांग में सिंदूर भरा हुआ था। ग्रामीणों का कहना है कि सुसाइड से पहले युवक ने युवती की मांग में सिंदूर भरा था। हालांकि युवती के परिजनों ने प्रेम संबंधों से इनकार किया है एएसपी दक्षिणी दुर्गेश सिंह ने बताया कि दोनों शव पेड़ से लटके मिले हैं। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। कॉल डिटेल, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।




