
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जनपद में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को और सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने सोमवार (16.02.2026) को मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत “शक्ति मोबाइल” सेवा का शुभारंभ कराया।
पुलिस लाइन जौनपुर से सहायक पुलिस अधीक्षक सृष्टि जैन ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर शक्ति मोबाइल को रवाना किया। इस दौरान एसएसपी ने शक्ति मोबाइल में तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि जनपद में महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
24 घंटे मुस्तैद रहेगी शक्ति मोबाइल शक्ति मोबाइल टीम दिन-रात दो शिफ्टों में कार्य करेगी। प्रत्येक शिफ्ट में एक महिला उपनिरीक्षक, दो महिला आरक्षी, दो आरक्षी व एक चालक तैनात रहेंगे। यह टीम स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विशेष रूप से उन समयों में भ्रमण करेगी, जब छात्राओं और महिलाओं का आवागमन अधिक रहता है।
भ्रमण के दौरान टीम छात्राओं व महिलाओं से संवाद कर उनका फीडबैक लेगी और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेगी। साथ ही नारी सुरक्षा से संबंधित सरकारी योजनाओं व हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जागरूकता भी फैलाएगी।
किसी भी विषम परिस्थिति में मिलेगी तत्काल मदद पुलिस प्रशासन के अनुसार, कोई भी महिला किसी भी आपात या विषम परिस्थिति में शक्ति मोबाइल टीम से सीधे सहायता प्राप्त कर सकती है। इस सेवा के माध्यम से महिला संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने की रणनीति तैयार की गई है।
कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी सदर देवेश सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

मौजूद आमजन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शक्ति मोबाइल सेवा के शुरू होने से जनपद में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी तथा अपराधियों में भय का वातावरण बनेगा।




