
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जनपद के खुटहन थाना क्षेत्र अंतर्गत सलाहदीपुर गांव में बुधवार को होली के दिन उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक 25 वर्षीय युवक की लाश घर के टीन शेड में साड़ी के सहारे फांसी पर लटकती हुई मिली। घटना से पूरे गांव में मातम और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सलाहदीपुर निवासी राम अवध कनौजिया के 25 वर्षीय पुत्र शैलेंद्र कुमार कनौजिया का शव दोपहर लगभग 3 बजे घर के टीन शेड में लटकता हुआ देखा गया। परिजनों की नजर पड़ते ही चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते गांव में खबर आग की तरह फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना को लेकर गांव में अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, मौत के कारणों को लेकर अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।



