
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत /जौनपुर। कोतवाली केराकत क्षेत्र के ग्राम भड़ेहरी में एक महिला ने अपने पति, सास-ससुर और गांव के प्रधान पर गंभीर आरोप लगाते हुए जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
भड़ेहरी निवासी सुमन सिंह का आरोप है कि गांव के प्रधान अजीत सिंह उर्फ मंटू उसके पति को भड़का रहे हैं और खुलेआम धमकी दे रहे हैं कि वह उसे और उसके बेटे को मरवाकर गायब करा देंगे तथा उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। पीड़िता का कहना है कि पूरे मामले की साजिश प्रधान द्वारा रची जा रही है।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके ससुर सोमारू सिंह और सास राजकुमारी देवी भी इस साजिश में शामिल हैं। पीड़िता के अनुसार पहले भी उसके साथ कई बार उत्पीड़न की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार मिल रही धमकियों से भयभीत होकर उसने केराकत कोतवाली पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरविन्द पांडेय ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




