
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत, जौनपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) के निर्देश पर बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने केराकत कस्बे में बड़ी कार्रवाई करते हुए वंदना पॉलीक्लिनिक को सील कर दिया। यह कार्रवाई एडिशनल सीएमओ डॉ. आलोक सिंह के नेतृत्व में की गई, जब क्लिनिक के खिलाफ गंभीर शिकायतें प्राप्त हुई थीं।
जांच के दौरान सामने आया कि क्लिनिक में नियमों का उल्लंघन करते हुए ऑपरेशन किए जा रहे थे, जबकि स्वास्थ्य विभाग से इसे केवल ओपीडी सेवाओं की ही अनुमति प्राप्त थी। टीम ने मौके पर दस्तावेजों की गहन जांच की, जिसमें कई महत्वपूर्ण अनियमितताएं उजागर हुईं।
प्राथमिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि क्लिनिक में अवैध रूप से गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी कराई जा रही थी, जो कि चिकित्सा मानकों और कानूनी प्रावधानों का गंभीर उल्लंघन है। इस संबंध में पूर्व में भी शिकायतें की गई थीं, जिन्हें गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने तत्काल जांच के आदेश दिए थे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल सीएमओ ने मौके पर ही ऑपरेशन कक्ष को सील कर दिया और पूरे क्लिनिक को सीज करने की कार्रवाई की। साथ ही, क्लिनिक से जुड़े सभी आवश्यक अभिलेखों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
जांच अधिकारी डॉ. आलोक कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने दोहराया कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। अन्य निजी क्लिनिक संचालकों में भी सतर्कता बढ़ गई है। स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध चिकित्सा गतिविधियां संचालित होती दिखाई दें, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।




