
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत, जौनपुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र में एक किशोरी के साथ मारपीट कर पैसे छीनने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए जान का खतरा भी बताया है।
पीड़िता के अनुसार, पड़ोसी गांव का एक युवक पिछले करीब छह वर्षों से उससे बातचीत करता था। हाल के दिनों में किशोरी ने उससे बातचीत बंद कर दी थी, जिससे नाराज होकर आरोपी ने इस घटना कोe अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि बुधवार की शाम करीब चार बजे किशोरी अपने घर से 28 हजार रुपये लेकर केराकत बाजार स्थित एक ज्वैलरी की दुकान पर जा रही थी। जैसे ही वह कोतवाली चौराहे के पास पहुंची, आरोपी युवक ने उसे रोक लिया और तमाचा मारते हुए उसके पास से रुपये छीनकर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद आरोपी ने किशोरी को पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। डरी-सहमी किशोरी ने रोते हुए अपनी आपबीती कोतवाली प्रभारी को सुनाई और लिखित प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में जुट गई है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया है।




