
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
आजमगढ़। कोतवाली थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दो अलग-अलग पासपोर्ट बनवाने वाले एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को बवाली मोड़ से हिरासत में लेकर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त सैय्यद मोहम्मद आबिद पुत्र सैय्यद अहमद निवासी आसिफगंज, थाना कोतवाली ने वर्ष 2004 में अपने वास्तविक विवरण के आधार पर पहला पासपोर्ट बनवाया था। इसके बाद उसने वर्ष 2016 में अपना नाम, पिता का नाम और जन्मतिथि बदलकर जनपद अम्बेडकरनगर से दूसरा पासपोर्ट बनवा लिया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब एलवल चौकी प्रभारी प्रियंका तिवारी की तहरीर पर कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान शैक्षिक प्रमाण पत्रों और अन्य दस्तावेजों के सत्यापन में अभियुक्त द्वारा अलग-अलग नाम और पते से दो पासपोर्ट बनवाने की पुष्टि हुई।
गुरुवार सुबह करीब 10:05 बजे उपनिरीक्षक शशि सिंह ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को बवाली मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं पासपोर्ट अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।




