
तरवां पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दो महिलाएं गिरफ्तार
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
आजमगढ़। तरवां थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां पुरानी रंजिश को खत्म करने के बहाने एक युवक को घर बुलाकर उसे जहरीला पेय पिला दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महुवारी गांव निवासी प्रियंका सिंह ने थाना तरवां में तहरीर देकर आरोप लगाया कि 16 अप्रैल 2026 को संध्या सिंह (60 वर्ष) और अर्चना सिंह (35 वर्ष) ने उसके भाई को आपसी विवाद सुलझाने के नाम पर अपने घर बुलाया। वहां उसे कोल्डड्रिंक में जहर मिलाकर पिला दिया गया, जिससे उसकी हालत अचानक बिगड़ गई।
परिजनों ने गंभीर हालत में युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान 17 अप्रैल को उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पहले संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन युवक की मौत के बाद हत्या की धारा भी बढ़ा दी गई।
तरवां पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और 18 अप्रैल की सुबह करीब 6:45 बजे दोनों आरोपित महिलाओं को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस नें बतया “मामले में सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्ताओं से पूछताछ जारी है।”




