
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। बक्सा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 44 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर फंदे से लटकता मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान बक्सा थाना क्षेत्र के हकारीपुर निवासी अजीत कुमार सरोज (44) पुत्र श्याम बहादुर गौतम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह परिजनों ने कमरे में शव लटकता देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक की पत्नी नगीना देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके पति ने गांव के ही सुभाष गौतम पुत्र बुझारत गौतम के साथ जमीन का समझौता किया था। बाद में अजीत कुमार के पास पैसे आने के बाद उन्होंने उक्त समझौता वापस लेने की कोशिश की, लेकिन सामने वाले पक्ष ने मना कर दिया।
पत्नी का आरोप है कि समझौता वापस न करने को लेकर सुभाष गौतम लगातार उनके पति को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे, जिससे वह काफी तनाव में थे। इसी मानसिक दबाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया।
सूचना मिलते ही बक्सा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की जांच कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।




