
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जिले के बक्शा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रोहन सोनकर के रूप में हुई है, जो अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 11 बजे लखनऊ-वाराणसी मार्ग पर उतरीजपुर (विषेशरपुर) गांव के पास हुआ। रोहन सोनकर अपनी टीवीएस स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल से शम्भूगंज बाजार से बैसपार स्थित अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहन गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। हादसे में उसकी मोटरसाइकिल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मृतक के पिता बटोही सोनकर ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि दूसरी बाइक का चालक गलत दिशा में लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर अज्ञात एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। बक्शा थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल व्याप्त है।




