
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर रजमो (पहिलेपुर) गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है जानकारी के अनुसार गांव निवासी प्यारी देवी पत्नी छोटेलाल प्रजापति ने मंगलवार को गंभीरपुर थाने में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके बड़े पुत्र विपिन प्रजापति (18) को सोमवार रात अचानक पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। बेटे की असमय मौत से मां प्यारी देवी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची गंभीरपुर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में गंभीरपुर थाना अध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।




