
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के राजापुर गांव में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई जब प्रेम प्रसंग में हुए विवाद के बाद एक किशोर ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे किशोर को तत्काल कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, राजापुर गांव निवासी 17 वर्षीय अमन राजभर पुत्र रामनिवास राजभर का जंसा थाना क्षेत्र के हरसोस गांव की एक युवती से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। बताया जाता है कि शुक्रवार को अमन किसी काम से हरसोस गांव पहुंचा था, जहां उसकी मुलाकात युवती से हुई।
मुलाकात के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो धीरे-धीरे विवाद में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि किशोर ने आवेश में आकर अपने पास मौजूद पेट्रोल अपने ऊपर डाल लिया और देखते ही देखते आग लगा ली। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और गंभीर रूप से झुलसे अमन को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, किशोर का शरीर काफी हद तक झुलस चुका है और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल में परिजनों तथा अन्य लोगों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि किशोर के बयान और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। उधर, इस दर्दनाक घटना के बाद दोनों गांवों में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर जारी




