
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का कहर लगातार जारी है। शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में कहीं सामान्य तो कहीं तीव्र लू चली। राजधानी लखनऊ सहित बांदा, गाजीपुर, बलिया, सुल्तानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, सोनभद्र, अलीगढ़, बरेली, शाहजहांपुर और फर्रुखाबाद में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। वहीं लखीमपुर खीरी, बाराबंकी और बहराइच में तीव्र लू ने जनजीवन को प्रभावित किया।
29 जून से बदलेगा मौसम आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, प्रदेश में 28 जून तक लू का असर बना रहेगा। इसके बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय होने के साथ 29 जून से बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है। जिन क्षेत्रों में बारिश नहीं होगी, वहां भी तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।




