
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। मछलीशहर नगर क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने अवैध रूप से संचालित अस्पतालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार देर रात तीन अस्पतालों में ताला जड़ दिया। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और अस्पताल संचालकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया जानकारी के अनुसार, डीएम सैमुअल पाल एन के सख्त निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम भारी पुलिस बल के साथ मछलीशहर नगर क्षेत्र में पहुंची और औचक जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान तीन अस्पतालों के संचालन से जुड़े वैध प्रपत्र मौके पर उपलब्ध नहीं कराए जा सके जिन अस्पतालों पर कार्रवाई हुई उनमें बरईपार रोड स्थित मीरा पाली क्लिनिक, बालाजी पाली क्लिनिक तथा प्रयागराज रोड स्थित कमला हॉस्पिटल शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर तत्काल प्रभाव से तीनों अस्पतालों का संचालन रोकते हुए ताला बंद कर दिया।
इस दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. अजय सिंह ने स्पष्ट किया कि अस्पताल संचालकों को आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए दो दिन का समय दिया गया है। यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक कागजात उपलब्ध नहीं कराए जाते हैं तो संबंधित अस्पतालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई और मुकदमा दर्ज कराया जाएगा बताया जा रहा है कि हाल ही में नगर क्षेत्र में प्रसव के दौरान नवजात की मौत की घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में यह सख्त कार्रवाई की गई है, जिससे अवैध अस्पताल संचालकों में दहशत फैल गई है प्रशासन की इस कार्रवाई को क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।




