
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड-2026 को नकलविहीन, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में परीक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए। बीएड प्रवेश परीक्षा रविवार 31 मई को दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संपन्न होगी। जनपद में कुल 37 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 17,144 अभ्यर्थी अपने भविष्य की परीक्षा में शामिल होंगे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, पेयजल, बिजली आपूर्ति, बैठने की समुचित व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं समय से सुनिश्चित की जाएं।
परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 37 स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है। ये अधिकारी परीक्षा केंद्रों पर लगातार निगरानी रखेंगे और हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए रखेंगे जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा अवधि के दौरान निरंतर निरीक्षण किया जाए और प्रत्येक केंद्र की व्यवस्था का समय-समय पर सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




