
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के काजीहद (कुचहना) गांव में शनिवार को कथित रूप से पैसे छीनने और विरोध करने पर पिता-पुत्री के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर चार नामजद युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित अनिल कुमार ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री खुशी और छोटी बेटी रागिनी घरेलू सामान खरीदने गांव गई थीं। आरोप है कि इसी दौरान गांव के रोहित, सूरज, सुजीत और मनीष ने रागिनी से पैसे छीन लिए तथा उसे परेशान करने लगे, जिससे वह रोने लगी।
परिजनों के अनुसार, जब अनिल कुमार ने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने अभद्रता करते हुए विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि चारों युवकों ने अनिल कुमार और उनकी पुत्री खुशी के साथ मारपीट की, जिससे दोनों को चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए। मामले में नेवढ़िया पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष राजाराम द्विवेदी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।




