
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गुड़िया गांव में मंगलवार को एक युवक की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुड़िया गांव निवासी मुन्ना बिंद (32 वर्ष) पुत्र भग्गू बिंद की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मुन्ना पेशे से राजमिस्त्री थे और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन पुत्र हैं, जिनका पालन-पोषण उनकी कमाई पर ही निर्भर था।
घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर कछवां रोड चौकी प्रभारी संदीप सिंह एवं हेड कांस्टेबल महेंद्र पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। यह हादसा 2 जून 2026 को शाम करीब 4 बजे हुआ। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है




