
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। पराऊगंज क्षेत्र के छतरीपुर गांव निवासी 5 वर्षीय मासूम ओम विश्वकर्मा की पराऊगंज बाजार स्थित एक निजी क्लिनिक में उपचार के दौरान मौत हो जाने से क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि बच्चे को गलत इंजेक्शन लगाए जाने के कारण उसकी जान चली गई मिली जानकारी के अनुसार, बच्चे की तबीयत खराब होने पर परिजन उसे पराऊगंज बाजार स्थित ‘शिवम क्लिनिक’ में इलाज के लिए लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि क्लिनिक में इंजेक्शन लगाए जाने के कुछ ही देर बाद बच्चे की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने शव को बाजार में रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बच्चे की मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया के बाद ही चल सकेगा। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।




