
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के सुद्धिपुर मोड़ पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में आम से लदी तेज रफ्तार डीसीएम ने सड़क किनारे पैदल जा रहे पिता-पुत्र को कुचल दिया। हादसे में 65 वर्षीय छेदी प्रजापति उर्फ भूरेलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा काशीराम (शोले) गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है जानकारी के अनुसार, तरना के हटिया गांव निवासी छेदी प्रजापति अपने बेटे के साथ ठेले पर पुरूवा (मिट्टी के बर्तन) लेकर शहर की ओर जा रहे थे। रिंग रोड से सुद्धिपुर जाने वाले मार्ग पर पीछे से आ रही आम से भरी डीसीएम ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिता की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे तथा आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बनारस-लखनऊ हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। लगभग तीन घंटे तक चले जाम के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं सूचना पर पहुंची शिवपुर पुलिस ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन समेत फरार हो गया। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है स्थानीय लोगों का कहना है कि सुद्धिपुर मोड़ पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। क्षेत्रवासियों ने यहां स्पीड ब्रेकर और स्थायी पुलिस पिकेट की मांग दोहराई है।




