
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। वाराणसी-लखनऊ रेल मार्ग स्थित सरायहरखू रेलवे स्टेशन पर शनिवार से शटल एक्सप्रेस ट्रेन का आधिकारिक ठहराव शुरू हो गया। सुबह 7:25 बजे ट्रेन के स्टेशन पहुंचने पर बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र, सांसद प्रतिनिधि मनोज मौर्य तथा रेलवे अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को लखनऊ के लिए रवाना किया। इस अवसर पर स्टेशन पर मौजूद लोगों ने इस फैसले का स्वागत किया।
विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से यात्रियों को अब काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने यात्रियों से नियमित रूप से टिकट लेकर यात्रा करने की अपील करते हुए कहा कि इससे भविष्य में भी ट्रेन का ठहराव जारी रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि अब बदलापुर श्रीकृष्णनगर स्टेशन पर बेगमपुरा एक्सप्रेस के ठहराव की मांग रेल मंत्री के समक्ष उठाई जाएगी कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक प्रशांत कुमार, स्टेशन अधीक्षक श्रीनाथ पाठक, जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। ट्रेन के ठहराव की शुरुआत को क्षेत्र के विकास और यात्रियों की सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




