
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बसही मोड़ तिराहे के पास गुरुवार सुबह वाराणसी-आजमगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्कूली बच्चों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कई बच्चे घायल हो गए, जबकि गंभीर रूप से घायल नौ वर्षीय छात्र युनूस बेलाल खान की इलाज के दौरान मौत हो गई जानकारी के अनुसार जामिया फैजेआम देवगांव की बस बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद बच्चों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने राहत और बचाव कार्य करते हुए बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया।
गंभीर रूप से घायल छात्र युनूस बेलाल खान निवासी बनारसपुर गांव को सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया वहीं अन्य घायल बच्चों का उपचार अस्पताल में जारी है। प्रशासन ने घटना की जानकारी लेते हुए घायलों की स्थिति पर नजर बनाए रखी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।




