
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के विजय नगर कॉलोनी स्थित एक पेइंग गेस्ट हाउस में शुक्रवार को 39 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक एक युवती के साथ कमरे में ठहरा हुआ था। अचानक तबीयत बिगड़ने पर युवती ने शोर मचाकर गेस्ट हाउस के कर्मचारियों को बुलाया। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को तत्काल अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया जानकारी के अनुसार, युवक और युवती शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे पेइंग गेस्ट हाउस पहुंचे थे। गेस्ट हाउस की मालकिन के मुताबिक, दोनों ने एक कमरा लिया था। शाम करीब साढ़े चार बजे युवती घबराई हुई नीचे आई और कर्मचारियों से बताया कि उसके पति की अचानक तबीयत खराब हो गई है और तत्काल मदद की जरूरत है। इसके बाद कर्मचारियों ने यूपी-112 पर सूचना दी।
सूचना मिलते ही सिगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, युवक के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान निलेश शर्मा (39) के रूप में हुई है। वहीं, उसके साथ मौजूद युवती की पहचान आधार कार्ड के आधार पर खुशबू के रूप में हुई है। दोनों के छत्तीसगढ़ निवासी होने की बात सामने आई है पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मामले में पुलिस जांच कर रही है।




