
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। श्रावण मास, कांवड़ यात्रा, नागपंचमी और चेहलुम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में हुई जिला शांति समिति की बैठक में सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए प्रमुख मंदिरों पर 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम की सक्रियता और भीड़ नियंत्रण के लिए अलग-अलग प्रवेश-निकास मार्ग बनाए जाएंगे। संवेदनशील स्थानों पर महिला पुलिस सहित पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात रहेगा। जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया जाएगा।
मानसून को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट किया गया है। अस्पतालों और सीएचसी पर एंटी-स्नेक वेनम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ कांवड़ मार्गों पर हेल्थ बूथ लगाए जाएंगे। यहां चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, ओआरएस और जरूरी दवाएं उपलब्ध रहेंगी कांवड़ मार्गों की मरम्मत, बैरिकेडिंग, पेयजल, बिजली, प्रकाश और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। जलाशयों पर प्रशिक्षित गोताखोर भी तैनात किए जाएंगे। डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन निर्धारित ध्वनि सीमा में ही होगा तथा नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी।
प्रशासन ने दुकानों और ढाबों पर रेट लिस्ट व मेन्यू कार्ड प्रदर्शित करना अनिवार्य किया है। वहीं सोशल मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ सामग्री फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है डीएम ने कहा कि जौनपुर की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करते हुए सभी पर्वों को शांतिपूर्ण और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।




