
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा इलाके में बुधवार को एक दुखद घटना सामने आई। यहां मोबाइल फोन चलाने और किसी से बातचीत करने को लेकर मां की डांट से नाराज 18 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली प्राप्त जानकारी के अनुसार, लल्लापुरा क्षेत्र में किराए के कमरे में रहने वाले हनुमान दास चौरसिया की 18 वर्षीय पुत्री पूजा कुमारी का मोबाइल फोन पर किसी से बातचीत करने को लेकर परिजनों से विवाद हुआ था। बताया गया कि घटना के दिन सुबह करीब 11:30 बजे मोबाइल चलाने और फोन पर बात करने को लेकर मां ने पूजा को टोका और आपत्ति जताई। इससे नाराज होकर पूजा कमरे के अंदर चली गई और दरवाजा बंद कर लिया।
काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों और पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने दरवाजा खोलने का प्रयास किया। किसी तरह दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचने पर पूजा को अचेत अवस्था में पाया गया। परिजनों ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी घटना की सूचना मिलते ही सिगरा थाना पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




