
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जनपद के बक्सा थाना क्षेत्र स्थित नौपेडवा बाजार में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और एक युवती से शादी कराने की मांग करने लगा। युवक की इस हरकत से बाजार में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक टावर पर चढ़कर लगातार शादी कराने की जिद करता रहा। उसने चेतावनी दी कि यदि उसकी मांग पूरी नहीं हुई तो वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा। युवक की बात सुनकर मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग युवक को समझाने-बुझाने का प्रयास करते रहे। सुरक्षा के मद्देनजर टावर के आसपास लोगों की भीड़ को नियंत्रित किया गया। प्रशासन द्वारा युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास जारी हैं। फिलहाल युवक के टावर पर चढ़ने के पीछे प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग बड़ी संख्या में मौके पर मौजूद हैं।




