
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
डोभी/ जौनपुर। चन्दवक थाना क्षेत्र के कछवन गांव में सोमवार दोपहर बिजली के शार्ट सर्किट से एक मड़हे में आग लग गई। आग की चपेट में आने से किसान की गृहस्थी जलकर राख हो गई, वहीं एक भैंस और उसका बच्चा (पड़िया) बुरी तरह झुलस गए।
कछवन गांव के मड़ई का पूरा निवासी किसान राजेन्द्र यादव के कच्चे मकान से सटे मड़हे में दोपहर के समय अचानक आग भड़क उठी। राजेन्द्र यादव ने बताया कि जैसे ही बिजली आपूर्ति शुरू हुई, मड़हे में लगे तारों से चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे आग लग गई। देखते ही देखते मड़हा धू-धू कर जलने लगा। मड़हे में बंधे मवेशियों को बचाने के लिए ग्रामीणों ने काफी मशक्कत की और किसी तरह आग पर काबू पाते हुए भैंस और उसके बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन तब तक वे बुरी तरह झुलस चुके थे। आग से मड़हे में रखा तख्त, बिस्तर, कुर्सी, खाट समेत अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हुई है तथा राजस्व विभाग को नुकसान का आकलन करने के लिए सूचित कर दिया गया है।



