
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। सिंधोरा थाना क्षेत्र के सिंधोरा चौराहे पर बुधवार देर रात हुए सड़क हादसे में 30 वर्षीय मोहम्मद एजाज की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शिवपुर स्थित मोर्चरी भेज दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया जानकारी के अनुसार, सिंधोरा निवासी मोहम्मद एजाज अपनी मां हसीना बानो को बीएचयू में भर्ती कराने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे जैसे ही वह सिंधोरा चौराहे पर पहुंचे, थानागद्दी से भोजूबीर की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक से कुचलने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिंधोरा थानाध्यक्ष पंकज पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कुछ ही देर बाद परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और बाइक के आधार पर एजाज की पहचान की मृतक एजाज, गफ्फार के पुत्र थे। उनकी शादी दो वर्ष पहले सादिया से हुई थी और उनकी कोई संतान नहीं थी। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। एम.टेक. की पढ़ाई पूरी करने के बाद घर पर रहकर सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहे थे। उनके बड़े भाई असलम लेखपाल हैं, जबकि पिता गफ्फार सिंधोरा में किराने की दुकान चलाते हैं। उनकी एक बड़ी बहन की शादी हो चुकी है युवक की असमय मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। पत्नी सादिया और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुटी है।




