
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में शनिवार को 32 वर्षीय विवाहिता मधु यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार बहादुरपुर गांव निवासी सुरेंद्र प्रताप यादव की शादी मेहरी गांव निवासी रामपति यादव की पुत्री मधु यादव के साथ हुई थी। दंपती के एक पुत्र और एक पुत्री हैं। सुरेंद्र यादव रोडवेज में संविदा पर कंडक्टर के पद पर कार्यरत हैं।
बताया गया कि शुक्रवार रात खाना खाने के बाद मधु अपने कमरे में चली गई थी। शनिवार भोर में परिवार के किसी सदस्य की नजर कमरे की खिड़की पर पड़ी तो मधु पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकी दिखाई दी। परिजनों ने दरवाजा खोलकर उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए।
सूचना पर थानाप्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता रामपति यादव ने ससुराल पक्ष पर अपनी पुत्री को प्रताड़ित करने और हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।




