
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के रामदयालगंज में शुक्रवार को पुरानी रंजिश को लेकर 28 वर्षीय विशाल यादव की हत्या का मामला सामने आया है। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की सरिया और रॉड से विशाल पर ताबड़तोड़ हमला किया। गंभीर रूप से घायल युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया।
युवक की मौत से आक्रोशित
ग्रामीणों ने शव को एनएच-135ए पर रखकर चक्का जाम कर दिया। हाईवे पर जाम लगने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान कुछ आक्रोशित लोगों द्वारा वाहनों में तोड़फोड़ किए जाने की भी सूचना है। स्थिति बिगड़ने पर कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं।
पुलिस बल तैनात, समझाने में जुटे अधिकारी
घटना और जाम की सूचना मिलते ही लाइन बाजार थाना पुलिस के साथ आसपास के थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया।
ग्रामीणों का आरोप – वारदात के पीछे पुरानी रंजिश आरोप है कि हमलावरों ने विशाल को घेरकर लोहे की सरिया और रॉड से हमला किया और घटना के बाद मौके से फरार हो गए।
हत्या के बाद इलाके में दहशत
दिनदहाड़े हुई वारदात से रामदयालगंज और आसपास के क्षेत्र में भय का माहौल है। व्यापारियों में भी घटना को लेकर नाराजगी है। हाईवे पर जाम के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित रही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों और आरोपितों की भूमिका की जांच की जा रही है। तहरीर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दिए जाने की बात कही गई है।




