
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत/जौनपुर। थाना गद्दी क्षेत्र के ग्राम नाऊपुर में स्थित पंचायत मंदिर से चोरों ने घंटा-घंटी समेत पूजा-पाठ में इस्तेमाल होने वाली सामग्री पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में चिंता का माहौल है ग्राम निवासी सतीश सिंह पुत्र स्वर्गीय अमरेश सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि ग्राम सभा के लोगों द्वारा बनाए गए मंदिर की देखरेख एवं पूजा-पाठ उनके द्वारा किया जाता है। शुक्रवार सुबह जब वह मंदिर में दीपक-बाती करने पहुंचे तो मंदिर से चार बड़े घंटे, करीब दस छोटी घंटियां, भगवान के भोग लगाने के बर्तन, दीपक, दो लोटे तथा मां दुर्गा के सिर के ऊपर लगा छत्र गायब मिला पीड़ित के अनुसार मंदिर में पिछले करीब दो वर्षों से लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस चोरी की घटना से जुड़े साक्ष्यों और संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटा रही है।




