
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। गुमशुदा और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के अभियान में जौनपुर पुलिस को सफलता मिली है। साइबर क्राइम टीम ने CEIR पोर्टल की मदद से अलग-अलग जिलों और राज्यों से 201 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई है पुलिस के अनुसार, कार्रवाई नोडल अधिकारी साइबर क्राइम अनन्त चन्द्रशेखर (IPS) के निर्देशन तथा ASP/CO सिटी गोल्डी गुप्ता (IPS) के पर्यवेक्षण में की गई। तकनीकी माध्यमों से मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, अभियान के तहत अब तक कुल 2239 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4.35 करोड़ रुपये है। बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे मोबाइल की ट्रैकिंग और बरामदगी में मदद मिल सके।



