
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के चिरईगांव संदहा ओवरब्रिज के पास रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब बाइक रिंग रोड पर चढ़ते समय बंद डिवाइडर से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संदहा रिंग रोड पर चढ़ने वाला मार्ग बंद था, लेकिन मौके पर किसी प्रकार का चेतावनी संकेत या रिफ्लेक्टर नहीं लगाया गया था। आरोप है कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। रात के अंधेरे में डिवाइडर स्पष्ट न दिखने से बाइक अनियंत्रित होकर उससे टकरा गई।
सूचना मिलते ही चिरईगांव चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस से नरपतपुर स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। जहां सीएचसी प्रभारी डॉ. राजनाथ राम ने बताया कि इलाज के दौरान मुर्दहा (चोलापुर) निवासी सन्नी (28) की मौत हो गई।
वहीं, दूसरे अज्ञात घायल युवक को गंभीर हालत में पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल (पांडेपुर) रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए शिवपुर मर्चरी भेज दिया है। साथ ही घायल युवक का इलाज जारी है और मामले की जांच की जा रही है।




