
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर/रामपुर: जौनपुर-भदोही नेशनल हाईवे पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। यह घटना रामपुर थाना क्षेत्र के सिधवन पेट्रोल पंप के सामने की है, जहां तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 45 वर्षीय संजय यादव निवासी सेरवा प्रकाशपुर, भदोही के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपनी मोटरसाइकिल (UP62AM2267) से सिधवन बाजार दवा लेने जा रहे थे। इसी दौरान जौनपुर की ओर से आ रही एक सफेद रंग की तेज रफ्तार कार ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में गंभीर रूप से घायल संजय यादव को तत्काल भदोही स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रामपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और टक्कर मारने वाली कार की तलाश की जा रही है।



