
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
चंदवक/जौनपुर। दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के बीच शनिवार सुबह करीब 9 बजे ग्राम पंचायत मढ़ी के पहलेपार पुरवा में जितेंद्र कनौजिया का कच्चा मकान अचानक धराशायी हो गया। हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य मकान के अंदर मौजूद थे। मिट्टी गिरने की आवाज सुनकर सभी लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिसके कुछ ही देर बाद पूरा मकान भरभराकर गिर पड़ा गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, मकान के मलबे में गृहस्थी का पूरा सामान दबकर नष्ट हो गया। मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले पीड़ित परिवार के सामने अब रहने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आवासीय सहायता और उचित क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की है।





