
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक अभियुक्त घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में थाना गौराबादशाहपुर पुलिस चोरसंड मोड़ हाईवे के पास संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आजमगढ़ की ओर से जौनपुर की तरफ आ रहे हैं और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने लिलहा मोड़ के पास घेराबंदी कर बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि पुलिस को देखते ही बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें बाइक सवार भागने के दौरान फिसलकर गिर पड़े।
पुलिस ने मौके से घायल हालत में अजय यादव पुत्र अमरनाथ यादव निवासी उडली थाना सरायख्वाजा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपने फरार साथी का नाम अंकित यादव पुत्र मुन्ना लाल उर्फ विष्णु कुमार यादव निवासी दशरथा थाना गौराबादशाहपुर बताया।
घायल अभियुक्त को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोरसंड भेजा गया है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी है।




