
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के वाराणसी-जौनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-731 पर सोमवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसा कुल्हनामऊ गांव के समीप नेता ढाबा के सामने हुआ जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार वैगनआर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रक के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे पांचों लोगों को बाहर निकाला गया और तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने अखिलेश शुक्ला और अंकित शुक्ला को मृत घोषित कर दिया।
वहीं शोभित श्रीवास्तव, संदीप मिश्रा और शोभित शुक्ला का उपचार जारी है। चिकित्सकों के मुताबिक तीनों घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है पुलिस के अनुसार, हादसे में शामिल सभी लोग उन्नाव जिले के आवास विकास कॉलोनी, कोतवाली क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है।




