
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
चंदवक/जौनपुर। दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। गाजीपुर जनपद की रहने वाली एक विवाहिता ने अपने पति और सास पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाजीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खरोना गांव निवासी रिशु यादव की शादी 23 अप्रैल 2024 को चंदवक थाना क्षेत्र के घुट्टा गांव निवासी मुकेश कुमार यादव के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और सास दहेज की मांग को लेकर उसे मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते रहे।
पीड़िता के अनुसार, 10 जून 2026 की सुबह करीब 9 बजे पति और सास ने उसे लात-घूंसों तथा डंडों से बुरी तरह पीटा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। विवाहिता का कहना है कि कई बार मायके पक्ष के लोगों ने समझौते का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया।
मामले को लेकर पीड़िता ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।




