
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र स्थित नहोरा गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सई नदी में नहाने गई छह किशोरियां अचानक गहरे पानी में चली गईं, जिससे सभी डूबने लगीं। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और गोताखोरों की तत्परता से चार किशोरियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो किशोरियों की डूबने से मौत हो गई प्राप्त जानकारी के अनुसार, नहोरा गांव की छह किशोरियां गांव के पास बह रही सई नदी में नहाने गई थीं। नहाने के दौरान वे गहरे पानी की चपेट में आ गईं और डूबने लगीं। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद चार किशोरियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
हादसे में गुड़िया (17 वर्ष) और शिवांगी (17 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं आंचल (17 वर्ष), अंजलि (16 वर्ष) और दीपा (17 वर्ष) सुरक्षित हैं। गुंजा (18 वर्ष) की हालत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए कृष्णा हॉस्पिटल, नेवढ़िया मार्ग में भर्ती कराया गया है सूचना मिलते ही जलालपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक किशोरियों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है और लोग हादसे से स्तब्ध हैं।




