
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कुकुङीपुर गांव में बुधवार देर रात पिकअप सवार बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए दो भैंस लाद लीं। विरोध करने पर पशुपालक पर ईंट-पत्थर से हमला करते हुए फायरिंग कर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे परिवार में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुकुङीपुर गांव निवासी रामसागर यादव देवकली माइनर के पास बनी पाही पर सो रहे थे, जहां उनके गाय-भैंस समेत अन्य मवेशी भी बंधे थे। रात करीब 12 बजे पशुशाला से आवाज आने पर उनकी नींद खुल गई।
जागने पर उन्होंने देखा कि कुछ अज्ञात लोग मुंह बांधकर भैंसों को खोल रहे हैं। विरोध करते हुए जैसे ही वह उनकी ओर बढ़े, बदमाशों ने उन पर ईंट-पत्थर बरसाना शुरू कर दिया।
इस दौरान चोर एक भैंस पिकअप में लाद चुके थे, जबकि दूसरी पड़िया पहले से ही वाहन में मौजूद थी। तीसरी भैंस को लादने का प्रयास कर रहे थे, तभी रामसागर के शोर मचाने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी।ईंट-पत्थर लगने से रामसागर को हल्की चोटें भी आईं, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और लगातार शोर मचाते रहे।
शोर सुनकर आसपास के लोग जागने लगे, जिसके बाद बदमाश पिकअप में सवार होकर करंजाकला बाजार की तरफ फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार चोरों की संख्या पांच से अधिक थी और वे सफेद पिकअप वाहन से आए थे।
पुलिस से कार्रवाई की मांग:
पीड़ित रामसागर यादव ने सरायख्वाजा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




