
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
आजमगढ़। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के अलहनी गांव में शुक्रवार शाम पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब सात बजे नीरज निषाद और उसकी पत्नी पिंकी निषाद (32) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पिंकी अपने तीन बच्चों के साथ कमरे में चली गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद नीरज ने दरवाजा तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, घटनाक्रम की जांच की जा रही है और महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाया जा रहा है सूचना मिलते ही कप्तानगंज थाना अध्यक्ष जयप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जबकि मोबाइल फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।
क्षेत्राधिकारी बुढ़नपुर ने बताया कि घटना के दौरान पति नीरज निषाद भी घायल हुआ है, जिसका उपचार कराया जा रहा है। वहीं मृतका के मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि पति-पत्नी के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था और शुक्रवार को हुए झगड़े के बाद पिंकी की हत्या कर दी गई बताया जा रहा है कि दंपति के तीन बच्चे हैं। घटना के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। क्षेत्राधिकारी के अनुसार, मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।




