
न्यूज खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
केराकत/जौनपुर। केराकत क्षेत्र में पांच वर्षीय मासूम बच्चे की मौत के मामले ने पूरे जिले को झकझोर दिया है। घटना के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और शनिवार को कार्रवाई करते हुए शिवम क्लिनिक को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। अब पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी प्रशासन के मुताबिक, बच्चे की मौत का मामला सोशल मीडिया के माध्यम से संज्ञान में आने के बाद जिलाधिकारी ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। इसके बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने शिवम क्लिनिक पहुंचकर निरीक्षण किया उपजिलाधिकारी सुनील कुमार भारती के नेतृत्व में गठित टीम में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी और डिप्टी मुख्य चिकित्सा अधिकारी भी शामिल रहे। टीम ने क्लिनिक के अभिलेखों, इलाज से जुड़े दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की बारीकी से जांच की।
प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों को गंभीर मानते हुए प्रशासन ने एहतियातन शिवम क्लिनिक को सील कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है और यदि किसी प्रकार की लापरवाही, नियमों का उल्लंघन या अनियमितता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी जिला प्रशासन ने साफ शब्दों में कहा है कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले में संचालित स्वास्थ्य संस्थानों की भी लगातार जांच की जाएगी ताकि सभी अस्पताल और क्लिनिक निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित हों मासूम की मौत के बाद हुई इस बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई से जिले के निजी स्वास्थ्य संस्थानों में भी हड़कंप मच गया है। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो तय करेगी कि इस मामले में आगे किसके खिलाफ क्या कार्रवाई होगी।




