
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। शहर से सटे चांदपुर महावीर कॉलोनी वार्ड संख्या आठ में विकास के दावों के बीच बुनियादी सुविधाओं की स्थिति को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। एक तरफ सड़क गड्ढों में तब्दील है तो दूसरी तरफ स्थानीय लोगों के मुताबिक करीब 72 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है। अंधेरे और बदहाल सड़क के बीच जिंदगी गुजार रहे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है कॉलोनी की जर्जर सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हादसों को न्योता देते नजर आ रहे हैं। पैदल राहगीरों से लेकर दोपहिया वाहन चालकों तक को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भरने से सड़क की वास्तविक स्थिति छिप जाती है और दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से समस्या सामने होने के बावजूद सड़क की मरम्मत को लेकर ठोस पहल नहीं हुई।
72 घंटे से बिजली गुल होने का दावा, मोबाइल चार्ज करना भी मुश्किल
स्थानीय निवासी उर्वशी सिंह ने दावा किया कि कॉलोनी में करीब 72 घंटे से बिजली नहीं है। उनका कहना है कि बिजली संकट के कारण घरेलू कामकाज बुरी तरह प्रभावित है और लोगों को मोबाइल फोन तक चार्ज करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तलाशनी पड़ रही है उनके मुताबिक बिजली विभाग और संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। आरोप यह भी है कि अब कुछ अधिकारियों से संपर्क करना भी मुश्किल हो रहा है। ऐसे में लोगों को यह तक स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही कि बिजली आपूर्ति आखिर कब बहाल होगी।
सड़क टूटी, गड्ढे बने मुसीबत; मरम्मत का इंतजार
स्थानीय लोगों के अनुसार कॉलोनी नगर पालिका क्षेत्र में आती है, लेकिन सड़क की हालत लंबे समय से खराब है। लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत के बजाय उन्हें लगातार इंतजार और आश्वासन का सामना करना पड़ रहा है स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल स्थलीय निरीक्षण, सड़क की तकनीकी स्थिति का आकलन और जरूरत के अनुसार इंटरलॉकिंग अथवा स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है
अब सवाल सिर्फ सड़क और बिजली का नहीं… जवाबदेही का है
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क और बिजली किसी भी इलाके के लिए बुनियादी जरूरत हैं, कोई अतिरिक्त सुविधा नहीं। एक ओर लोग गड्ढों भरी सड़क पर दुर्घटना के खतरे के बीच सफर कर रहे हैं, तो दूसरी ओर 72 घंटे की कथित बिजली कटौती ने रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर दिया है अब लोगों की नजर नगर पालिका और बिजली विभाग की कार्रवाई पर है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बिजली आपूर्ति तत्काल बहाल कराने के साथ सड़क की हालत का मौके पर निरीक्षण कर समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए।




