
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता अर्पिता
चन्दवक /जौनपुर। थाना क्षेत्र के रामदेवपुर निवासी काजल शर्मा (31) की शनिवार शाम सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वह चन्दवक बाजार के मनियारेपुर गांव के समीप स्थित अपने ब्यूटी पार्लर से पति विकास शर्मा और चार वर्षीय पुत्र वंश के साथ स्कूटी से घर लौट रही थीं।
पति विकास ने बताया शाम करीब 6 बजे पटरी से मुख्य सड़क पर चढ़ते समय काजल की स्कूटी अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर गिर पड़ी। इस दौरान पास से गुजर रहे बालू लदे ट्रक की चपेट में आने से काजल के सिर में गंभीर चोट लग गई। पति विकास और पुत्र वंश हादसे में सुरक्षित बच गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने काजल को निजी वाहन से तत्काल सीएचसी बिरिबारी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पत्नी की मौत की खबर सुनते ही अस्पताल में मौजूद पति विकास का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। काजल का विवाह विकास से 12 वर्ष पूर्व हुआ था। जिससे वह अपने पीछे छह वर्षीय पुत्री श्रेया और चार वर्षीय पुत्र वंश को छोड़ गई हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि पति विकास की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




