
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
आज़मगढ़। गंभीरपुर पुलिस थाना क्षेत्र के गोमाडीह गांव में शुक्रवार और शनिवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में वृद्ध दंपति की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी जानकारी के अनुसार गोमाडीह गांव की पूर्वी हरिजन बस्ती निवासी श्यामलाल (70) पुत्र बाबूलाल और उनकी पत्नी बसंती देवी (65) शनिवार सुबह अपने घर में मृत अवस्था में पाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
मृतक श्यामलाल के चार पुत्र—जियालाल, महेंद्र कुमार, कैलाश और अवधेश—तथा एक विवाहित पुत्री हैं। ग्रामीणों के मुताबिक कुछ दिन पहले संपत्ति के बंटवारे को लेकर श्यामलाल और उनके पुत्रों के बीच विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को भी परिवार में कहासुनी हुई थी, जिसे पड़ोसियों के हस्तक्षेप के बाद शांत कराया गया था शनिवार सुबह काफी देर तक घर के अंदर कोई हलचल न होने पर परिजनों और ग्रामीणों को संदेह हुआ। जब लोग अंदर पहुंचे तो दंपति मृत अवस्था में मिले। घटना की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृतक दंपति की पुत्री कुमारी देवी ने अपने भाइयों और भाभियों पर माता-पिता को जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।




