
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था से लेकर श्रद्धालुओं की सुविधाओं तक कई अहम मुद्दों पर मंथन किया गया डीएम ने पूजा पंडालों और विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जर्जर सड़कों, बिजली के लटकते तारों और खुले मैनहोल जैसी लापरवाही वाली स्थितियों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए, ताकि त्योहार के दौरान किसी तरह की दुर्घटना न हो पूजा पंडालों में CCTV कैमरे, अग्निशमन यंत्र और पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की व्यवस्था अनिवार्य करने के निर्देश दिए गए। वहीं, विसर्जन मार्गों और स्थलों पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में AI से तैयार किए गए भ्रामक वीडियो और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों को लेकर भी प्रशासन ने सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। ऐसे भ्रामक कंटेंट के जरिए माहौल बिगाड़ने वालों पर आईटी एक्ट समेत लागू कानूनों के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि दुर्गा पूजा का पर्व शांति, आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। प्रशासन ने भी स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।




