
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। काशी के नमो घाट पर भारतीय वायुसेना के 94वें वार्षिक उत्सव के तहत आयोजित तीन दिवसीय एयरशो का रविवार को समापन हो गया। गंगा के ऊपर लड़ाकू विमानों की गर्जना और आसमान में हैरतअंगेज करतबों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बने रविवार को सुबह 11:40 बजे शुरू हुआ एयरशो दोपहर करीब 2:30 बजे समाप्त हुआ। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग नमो घाट और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचे। ‘विंग्स ओवर गंगा’ थीम पर आयोजित इस प्रदर्शन में करीब 100 विमानों ने हिस्सा लिया, जिनमें 50 लड़ाकू विमान शामिल थे।

सुखोई-30 एमकेआई, राफेल, मिराज-2000, मिग-29 और जगुआर जैसे लड़ाकू विमानों ने अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। वहीं, अपाचे, चिनूक और एमआई-17 सहित विभिन्न हेलीकॉप्टरों तथा परिवहन विमानों ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा। सूर्यकिरण और सारंग प्रदर्शन टीमों के करतब आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे प्रधानमंत्री मोदी के साथ एयरशो देखने पहुंचे लोगों ने इसे अविस्मरणीय अनुभव बताया। दर्शकों ने आसमान में तिरंगे के प्रदर्शन और भारतीय वायुसेना की ताकत की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताया। तीन दिनों तक चले इस आयोजन ने काशी में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना दिया।




