
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
जौनपुर। सिकरारा थाना क्षेत्र के दुदौली गांव स्थित आदि शक्ति दुर्गा पूजा पंडाल में मां दुर्गा की प्रतिमा पर चढ़ाए गए आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी गए गहनों की अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई जा रही है। नवरात्र के पावन अवसर पर हुई इस घटना से पूजा समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं में चिंता व नाराजगी व्याप्त है जानकारी के अनुसार, सुबह पूजा समिति के सदस्य जब पंडाल पहुंचे तो मां दुर्गा की प्रतिमा पर चढ़ाए गए गहने गायब मिले। आभूषण चोरी होने की जानकारी मिलते ही समिति के सदस्यों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इसके बाद स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है गौरतलब है कि दुदौली गांव में आदि शक्ति दुर्गा पूजा पंडाल की स्थापना वर्ष 1991 में हुई थी। स्थापना के समय से ही इस पंडाल से क्षेत्र के लोगों की गहरी धार्मिक आस्था जुड़ी हुई है। प्रत्येक वर्ष नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन-पूजन करते हैं। ऐसे में प्रतिमा पर चढ़ाए गए आभूषणों की चोरी की घटना से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है फिलहाल चोरी की घटना को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। आभूषण कैसे गायब हुए और इस घटना में कौन शामिल है, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।




