
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
चंदवक/जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र मे किशोरी के साथ दुष्कर्म के मामले में अदालत ने दोषी किशोर अपचारी को 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अपर सत्र न्यायाधीश उमेश कुमार द्वितीय की अदालत ने दोषी पर 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है अभियोजन पक्ष के अनुसार, पीड़िता ने चंदवक थाने में घटना की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि 19 मई 2023 को दोपहर करीब तीन बजे वह घर में अकेली सो रही थी। इसी दौरान गांव का किशोर अपचारी घर में घुस आया और उसका मुंह दबाकर उसे अंदर कमरे में ले गया। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म कर मौके से फरार हो गया।
पीड़िता की मां के घर लौटने पर उसने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पीड़िता अपने माता-पिता के साथ थाने पहुंची और पुलिस को घटना से अवगत कराया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया तथा मजिस्ट्रेट के समक्ष उसका बयान दर्ज कराया सरकारी अधिवक्ता राजेश उपाध्याय एवं कमलेश राय के अनुसार, मामले में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने दोषी किशोर अपचारी को 20 वर्ष के कठोर कारावास और 25 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई।




