Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया   Click to listen highlighted text! Welcome to न्यूज़ खबर इंडिया
जौनपुरयूपी

सोख्ता गड्ढे में डूबा 5 साल का मासूम, रातभर खोज के बाद सुबह मिला शव

गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता 

जौनपुर। जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के जदईपुर गोरा पट्टी गांव में सोमवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। घर से लापता हुए 5 वर्षीय मासूम का शव घर से कुछ दूरी पर बने पानी भरे सोख्ता गड्ढे में मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी मुख्तार शाह का पांच वर्षीय पुत्र सूफियान रविवार शाम करीब छह बजे घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गया। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

स्थिति गंभीर होते देख परिजनों ने तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से रातभर सर्च अभियान चलाया गया। अंधेरा और ग्रामीण क्षेत्र होने के कारण खोजबीन में काफी दिक्कतें आईं, लेकिन देर रात तक बच्चे का कोई पता नहीं चल सका।

सोमवार सुबह एक बार फिर तलाश शुरू की गई। इसी दौरान घर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्थित पानी से भरे सोख्ता गड्ढे में बच्चे का शव तैरता मिला। यह दृश्य देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

ग्रामीणों के अनुसार उक्त सोख्ता गड्ढे में चार से पांच फीट तक पानी भरा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि खेलते समय बच्चा अनजाने में गड्ढे में गिर गया और बाहर नहीं निकल सका, जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम की असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!