
न्यूज़ खबर इंडिया संवाददाता
वाराणसी। दालमंडी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण अभियान के तहत शुक्रवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन मकानों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। इस दौरान पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।
दालमंडी चौड़ीकरण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। जिन स्थानों पर सड़क चौड़ीकरण के लिए अधिक जमीन की आवश्यकता है, वहां जेसीबी और मजदूरों की सहायता से पुराने और जर्जर हिस्सों को हटाया जा रहा है। प्रशासन की ओर से पहले ही संबंधित भवन स्वामियों को नोटिस देकर मकान खाली करने की सूचना दी गई थी।
कार्रवाई के दौरान करीब 200 मजदूरों को लगाया गया है, जो भवनों के पुराने और क्षतिग्रस्त हिस्सों को हटाने का कार्य कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि मलबा हटाने के बाद सड़क के दोनों ओर की वास्तविक चौड़ाई का आकलन किया जाएगा, ताकि आगे की कार्ययोजना उसी के अनुसार तैयार की जा सके।
कार्रवाई से पहले पुलिस प्रशासन द्वारा क्षेत्र में लगातार घोषणा कर लोगों को जानकारी दी जा रही थी। लाउडस्पीकर के माध्यम से आसपास के निवासियों और दुकानदारों को मकान खाली करने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई थी। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी लगभग 25 भवनों को हटाने की कार्रवाई की जा चुकी है।




